कृषि विज्ञान केंद्र मांडू में राष्ट्रीय किसान दिवस का आयोजन

कृषि विज्ञान केंद्र मांडू, रामगढ़ में राष्ट्रीय किसान दिवस का आयोजन किया गया।जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय किसान दिवस का स्मरण एवं सम्मान करना, उन्नत एवं सतत कृषि पद्धतियों के प्रति किसानों को जागरूक करना तथा देश की खाद्य सुरक्षा में किसानों के योगदान को रेखांकित करना रहा।
कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य किसानों—विशेषकर महिला एवं युवा किसानों—को वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर कृषि उत्पादन एवं आय में वृद्धि के लिए प्रेरित करना था। साथ ही किसान–वैज्ञानिक संवाद को सुदृढ़ करना तथा किसानों के लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं एवं कृषि विस्तार सेवाओं की जानकारी देना भी कार्यक्रम के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत भाषण के साथ हुआ, जिसमें राष्ट्रीय किसान दिवस के महत्व एवं राष्ट्र निर्माण में किसानों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर ऑनलाइन लाइव स्क्रीनिंग के माध्यम से केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री, भारत सरकार तथा महानिदेशक, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा किसानों से सीधा संवाद किया गया। संवाद के दौरान किसान-केंद्रित नीतियों, कृषि नवाचारों, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों तथा किसानों की आय वृद्धि से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार साझा किया गया।इसके पश्चात कृषि विज्ञान केंद्र रामगढ़ के वैज्ञानिकों द्वारा जलवायु-सहिष्णु कृषि, उन्नत फसल उत्पादन तकनीक, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, समेकित कृषि प्रणाली तथा कृषि विविधीकरण के माध्यम से आय वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर तकनीकी व्याख्यान प्रस्तुत किए गए। इस दौरान कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में महिला किसानों की भूमिका पर विशेष बल दिया गया।कार्यक्रम का समापन किसानों को वैज्ञानिक एवं सतत कृषि पद्धतियाँ अपनाने तथा निरंतर तकनीकी मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए कृषि विज्ञान केंद्र से जुड़े रहने के प्रेरक संदेश के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *