राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय पांकी में विशेष पीटीएम आयोजित
पांकी प्रखंड अंतर्गत राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय, पांकी में बुधवार को विशेष अभिभावक–शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक स्थिति की समीक्षा के साथ-साथ विद्यालय और अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद एवं बेहतर तालमेल स्थापित करना रहा। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं, शिक्षकगणों के साथ शिक्षा विभाग के प्रखंड एवं जिला स्तरीय अधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना के साथ हुई। तत्पश्चात अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर बैठक का विधिवत उद्घाटन किया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी आगंतुक अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया।
पीटीएम के दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों के साथ बच्चों के नामांकन, नियमित उपस्थिति, विद्यालय में अनुशासन एवं सकारात्मक शैक्षणिक माहौल, पीएम-पोषण योजना के सुचारु क्रियान्वयन तथा आगामी परीक्षाओं की तैयारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। शिक्षकों ने कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई में निरंतरता, समय का सही उपयोग और घर से मिलने वाला सहयोग उनकी सफलता की मजबूत नींव बनता है।
मुख्य अतिथि सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी के.के. चांद ने कहा कि जब तक अभिभावक शिक्षा प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी नहीं निभाएंगे, तब तक अपेक्षित परिणाम हासिल करना कठिन होगा। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से विद्यालय से जुड़े रहें और बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर सतत नजर रखें।
प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी पंकज बच्चन ने अपने संबोधन में कहा कि अभिभावक शिक्षक और विद्यार्थी के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकारी विद्यालयों में योग्य एवं अनुभवी शिक्षक कार्यरत हैं और अभिभावकों के सहयोग से यहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर वातावरण विकसित किया जा सकता है, जिससे विद्यार्थी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकें।
सीआरपी ओंकार पाठक ने सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं स्थानीय मुखिया प्रेम प्रसाद ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास और छात्रहित में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के समापन पर शैक्षणिक एवं विभिन्न सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक कुलेश्वर राम सहित शिक्षक ओम प्रकाश पाठक, अमरेश कुमार, अनु कुमारी, नीलम कुमारी, शंभू प्रसाद एवं वीरेंद्र प्रसाद सहित आदि उपस्थित थे |










