डकैती कांड मामले को लेकर रामगढ़ एसपी ने भुरकुंडा क्षेत्र का किया दौरान
भुरकुंडा।भुरकुंडा बाजार स्थित विजय ज्वेलर्स में 20 दिसंबर की शाम हुई भीषण डकैती की जांच को लेकर मंगलवार को रामगढ़ एसपी अजय कुमार एवं पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी दुकान पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा दुकान संचालक विजय वर्मा एवं किशोरी वर्मा से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। मौके पर एसपी अजय कुमार ने कहा कि पुलिस पूरी तत्परता के साथ इस डकैती कांड की जांच कर रही है और बहुत जल्द अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस की विश्वसनीयता तभी सिद्ध होती है जब वह काम करके दिखाए, और इस मामले में पुलिस किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतेगी। एसपी ने यह भी कहा कि केवल पुलिस के भरोसे ही सुरक्षा संभव नहीं है, विशेषकर इतनी सघन और बड़ी बाजार में इस तरह की घटना घटित होना गंभीर विषय है। ऐसे में स्थानीय लोगों और दुकानदारों को भी जागरूकता और साहस दिखाने की जरूरत है। उन्होंने दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि सभी दुकानों के बाहर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करें तथा सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाएं, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। साथ ही उन्होंने स्थानीय पुलिस को गश्त (पेट्रोलिंग) और अधिक प्रभावी बनाने तथा बड़ी दुकानों पर नियमित रूप से विजिट करने के निर्देश दिए।










