सलगांझरी स्टेशन पर लोकल ट्रेन ठहराव की मांग को लेकर एकदिवसीय धरना
संयुक्त ग्राम सामान्य समिति, जमशेदपुर के बैनर तले आज सलगाझूर रेलवे स्टेशन पर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। यह धरना लोकल ट्रेनों के ठहराव की बहुप्रतीक्षित मांग को लेकर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए।
धरना को संबोधित करते हुए समिति के सदस्यों ने कहा कि सलगांझरी एवं आसपास के गांवों में बड़ी आबादी गरीब और मेहनतकश लोगों की है, जिन्हें रोज़गार के लिए जमशेदपुर समेत अन्य शहरों में आना-जाना पड़ता है। लोकल ट्रेन का ठहराव बंद हो जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समय पर काम पर पहुंचना, बच्चों का स्कूल-कॉलेज जाना और मरीजों का इलाज कराना भी कठिन हो गया है।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि सलगांझरी स्टेशन पर यात्रियों के लिए प्लेटफॉर्म, शेल्टर, बिजली, पानी जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके बावजूद कुछ महीनों पहले यहां रुकने वाली सभी लोकल ट्रेनों के ठहराव को बिना किसी ठोस कारण के बंद कर दिया गया, जिससे क्षेत्र के लोगों की दैनिक दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
संयुक्त ग्राम सामान्य समिति ने रेलवे प्रशासन से मांग की कि जनहित को देखते हुए सलगाझूर स्टेशन पर लोकल ट्रेनों का ठहराव तत्काल बहाल किया जाए। समिति ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द इस मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी।
धरना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन लोगों में अपनी मांग को लेकर गहरा आक्रोश देखने को मिला।









