मुरी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, 46 किलो गांजा बरामद

सिल्ली मुरी:रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने “नारकोस” ऑपरेशन के तहत अवैध मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल की है। रविवार 21 दिसंबर 2025 को मुरी रेलवे स्टेशन पर चलाए गए संयुक्त सघन जांच अभियान के दौरान आरपीएफ ने तीन अभियुक्तों के पास से कुल 46 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई जा रही है।आरपीएफ फ्लाइंग टीम, रांची एवं आरपीएफ पोस्ट, मुरी द्वारा पोस्ट कमांडर के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या–1 के सिल्ली छोर पर दो पुरुष एवं एक महिला संदिग्ध अवस्था में ट्रॉली बैग और हैंडबैग के साथ पाए गए। पूछताछ में उनकी पहचान राजू राजभर (42), जयप्रकाश राजभर (35) दोनों निवासी नदिया जिला (पश्चिम बंगाल) तथा बेबी रॉय (42) निवासी दक्षिण 24 परगना (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई।अभियुक्तों की सहमति से राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के अंतर्गत विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कुल 06 पैकेट गांजा बरामद किया गया। इसमें राजू राजभर और जयप्रकाश राजभर के पास से 16-16 किलो तथा बेबी रॉय के पास से 14 किलो गांजा मिला। डी.डी. किट से जांच में पदार्थ गांजा पॉजिटिव पाया गया। साथ ही तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।पूछताछ में अभियुक्तों ने गांजा को आंध्र प्रदेश के परवतिपुरम से लाकर अवैध बिक्री के उद्देश्य से ले जाने की बात स्वीकार की। कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।बरामद गांजा एवं मोबाइल फोन को सील कर जब्ती सूची तैयार की गई, जिसके बाद तीनों अभियुक्तों को जीआरपी/मुरी के सुपुर्द किया गया। इस संबंध में जीआरपीएस मुरी कांड के तहत मामला दर्ज किया गया है।आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *