दिल्ली के लिए मिले ट्रेन, कोविड में बंद किए गए ट्रेनों का हो संचालन- सीआईटीयू
सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीआईटीयू) की ओर से रविवार को पाकुड़ रेलवे स्टेशन परिसर में स्थानीय समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया। इनमें रेलवे से जुड़ी विभिन्न समस्याएं शामिल थी। दिल्ली जैसे शहरों के लिए पाकुड़ से होकर गुजरने वाली सीधी ट्रेनों के ठहराव सहित अन्य ट्रेनों का संचालन और ठहराव की मांग को रखा गया। धरना प्रदर्शन में अध्यक्ष नादिर हुसैन, सचिव देवाशीष, कामरेड शेख सैफुद्दीन, कामरेड शिवानी शामिल हुए। धरना प्रदर्शन को एसएफआई का भी समर्थन मिला। जिसमें एसएफआई के जिला सचिव परवेज आलम, कामरेड अल्फाज, कामरेड श्रीचरण कामरेड बशर शेख सहित दर्जनों महिलाएं और पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान सीआईटीयू के नेताओं ने कहा कि पाकुड़ एक महत्वपूर्ण औद्योगिक, श्रमिक और व्यापारिक क्षेत्र हैं। लेकिन करोड़ों रुपए का राजस्व देने वाली पाकुड़ के लोगों को ही रेलवे छलने का काम कर रही है। पर्याप्त रेल सुविधाओं के अभाव में खासकर मजदूरों और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान हावड़ा-सियालदह मार्ग से होकर पाकुड़ दिल्ली के लिए एक एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन करने, भागलपुर-रांची मार्ग से होकर पाकुड़ होते हुए एक नई एक्सप्रेस ट्रेन चलाने, साहिबगंज मार्ग से होकर पाकुड़-वर्धमान के लिए दो घंटे बाद लोकल ट्रेन का संचालन किए जाने, कोविड-19 के दौरान बंद की गई सभी ट्रेनों को अभिलंब चालू कराने, पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर सामान्य यात्रियों के लिए पर्याप्त प्रतीक्षालय की व्यवस्था करने, प्रत्येक लोकल एवं एक्सप्रेस ट्रेन में महिलाओं के लिए एक खास डिब्बा सुरक्षित रखने की मांग को रखा गया। धरना में शामिल नेताओं ने कहा कि अगर यह मांगे पूरी नहीं की जाती है, तो आंदोलन की दिशा में विचार किया जाएगा।










