प्रतियोगिताओं को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया
एसटी डाॅन बस्को स्कूल में रविवार को चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 05 तक के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में कला के प्रति गहरी रुचि, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास देखने को मिला। सभी प्रतिभागियों ने पूरे जोश और लगन के साथ अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुप्रभो रॉय की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने बच्चों की कला की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास, कल्पनाशीलता एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य शिव शंकर दूबे ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और इस प्रकार की प्रतियोगिताओं को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जबकि अन्य सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। आयोजन को सफल बनाने में एसटी डाॅन बस्को के सभी शिक्षकों ने अनुशासन एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायक माहौल में संपन्न हुआ।










