622 बरामद कछुओं की उपायुक्त एवं डीएफओ ने मौके पर पहुंचकर लिया स्थिति का जायजा ।
तालझारी।बरहरवा स्टेशन पर एक ट्रेन से बरामद किए गए कछुओं का शनिवार को वन विभाग द्वारा मेडिकल परीक्षण कराया गया। सभी कछुओं को फिलहाल वन कार्यालय तालझारी में सुरक्षित रखा गया है। इस दौरान उपायुक्त एवं डीएफओ ने मौके पर पहुंचकर कछुओं की स्थिति का जायजा लिया।
वन क्षेत्र पदाधिकारी पंचम दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि बरामद कछुओं की कुल संख्या 622 है। सभी कछुओं की पशु चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच कराई गई है। उन्होंने बताया कि रविवार से चरणबद्ध तरीके से कछुओं को उधवा झील से लेकर साहिबगंज के गंगा नदी क्षेत्र में सुरक्षित रूप से छोड़ा जाएगा।मेडिकल जांच के दौरान पशु चिकित्सालय केंद्र उधवा के डॉ. शिवेंद्र प्रताप सिंह एवं पशु चिकित्सा केंद्र तालझारी के डॉ. उमेश कुमार ने दो छोटे कछुओं एवं एक 40 किलोग्राम वजन वाले बड़े कछुए को आवश्यक दवाएं दीं।
इस अवसर पर वन रक्षी पप्पू कुमार यादव, सनी रजक, राजेश टुडू सहित अन्य वनकर्मी उपस्थित थे। वहीं कछुओं की तस्करी के मामले में गिरफ्तार दो महिला एवं एक पुरुष के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया जारी थी।










