डॉन बोस्को एकेडमी मैकलुस्कीगंज में क्रिसमस गैदरिंग का आयोजन
मैक्लुस्कीगंज। मैकलुस्कीगंज स्थित डॉन बोस्को एकेडमी में शुक्रवार को क्रिसमस गैदरिंग का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में हुए इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों के बीच प्रेम, भाईचारे, करुणा और मानवीय संवेदनाओं का संदेश प्रसारित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैथोलिक चर्च मैकलुस्कीगंज के फादर हुबेरतूस बेक ने केक काटकर किया। मंच संचालन केनेथ जेनिंग्स ने किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं कैरोल गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा परिसर उत्साह और उमंग से गूंज उठा। फादर हुवेरतूस वेक ने प्रभु यीशु के जन्म के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि क्रिसमस का वास्तविक संदेश प्रेम, दया, सहिष्णुता और मानव सेवा है। वहीं विद्यालय के प्राचार्य जोशी टी.डी. ने अपने संबोधन में बच्चों से दूसरों की सहायता करने, मुस्कान बाँटने और समाज में सद्भाव बनाए रखने की बात कही।कार्यक्रम का सबसे विशेष आकर्षण सांता क्लॉज रहा। विद्यालय के कई छात्रों ने सांता का रूप धारण कर बच्चों के बीच मिठाइयाँ, टॉफियाँ और उपहार बाँटे। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक एडीजी रोज़ारियो के सौजन्य से छात्रों के बीच केक और पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जेसन बैरेट, केनेथ जेनिंग्स, लेयोन मेंडिस, जोबी देवासी, सरोज निमी नोएल, शांति लकड़ा, जॉली जोसेफ एव राकेश साह, रजनी साह, मुकेश कुमार, केपी मोहंती, अंजनी कुमार, जीना जोशी, वैभव कुमार समेत विद्यालय परिवार के सदस्य भी शामिल हुए।










