आरपीएफ की सतर्कता से सैकड़ों कछुओं का किया गया रेस्क्यू

रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता से बरहरवा रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग सैकड़ों जीवित कछुओं का सफलता पूर्वक रेस्क्यू किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार इन कछुओं को बनारस से फरक्का ले जाने की तैयारी की जा रही थी।

गुप्त सूचना के आधार पर रेलवे सुरक्षा बल द्वारा स्टेशन परिसर में सघन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कछुओं से भरे कंटेनर एवं बोरों को बरामद किया गया। मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी कछुओं को सुरक्षित कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ की गई। प्राथमिक जांच में यह मामला वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के अंतर्गत गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है, ताकि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी प्राप्त की जा सके।

वन क्षेत्र पदाधिकारी पंचम दुबे ने कहा कि वन्यजीवों की अवैध तस्करी पर किसी भी सूरत में सख्ती बरती जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रेलवे सुरक्षा बल की पूरी टीम की तत्परता, सजगता एवं सराहनीय भूमिका की प्रशंसा वन विभाग के द्वारा की गई।

इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान रेलवे सुरक्षा बल के श्री संदीप कुमार एवं वन रक्षी राजेश टुडू एवं सनी रजक मौके पर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *