ग्रेस यूनियन चर्च में पूर्व-क्रिसमस समारोह धूमधाम से संपन्न
द नेशनल मिशनरी सोसाइटी ऑफ इंडिया के तत्वावधान में बुधवार को ग्रेस यूनियन चर्च मुसाबनी में पूर्व-क्रिसमस समारोह हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर झारखण्ड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष (दर्जा–राज्य मंत्री) प्राणेश सॉलोमन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आयोग के सदस्य एकरारूल हसन, स्थानीय विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, द नेशनल मिशनरी सोसाइटी ऑफ इंडिया के जनरल सेक्रेटरी नोवा जेम्स, फादर सिंपसन लिंकन, समशेर खान, मारिया दास, प्रधान सोरेन, शिवपुजन सिंह चौहान, एमपी सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद थे।समारोह के दौरान बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। गीत-संगीत, नृत्य और झांकी प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि प्राणेश सॉलोमन एवं विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने अपने संबोधन में क्रिसमस पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, त्याग, सेवा और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने सभी लोगों को क्रिसमस की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए समाज में आपसी सौहार्द और एकता बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की। पूर्व-क्रिसमस समारोह सामाजिक समरसता, भाईचारे और खुशियों का प्रतीक बनकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।










