पांकी में जाम की समस्या को लेकर प्रिंस सिंह ने सीओ को सौंपा ज्ञापन, स्थायी समाधान की मांग
पांकी / ( पलामू ) पांकी में रोजाना लगने वाले जाम की गंभीर समस्या को लेकर समाजसेवी कुमार अविनाश सिंह उर्फ प्रिंस सिंह ने प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचला अधिकारी ललित प्रसाद सिंह को ज्ञापन सौंपा और स्थायी समाधान की मांग की है। आवेदन में उन्होंने कहा है कि कर्पूरी ठाकुर चौक से शहीद भगत सिंह चौक तक प्रतिदिन भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार शिकायत के बावजूद अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
प्रिंस सिंह ने आवेदन के माध्यम से मांग की है कि सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए और एक स्थायी एवं प्रमाणिक ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए, ताकि यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके। उन्होंने कहा कि अव्यवस्थित ट्रैफिक और अतिक्रमण के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों तथा आम राहगीरों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने हरिवंश नारायण बालिका उच्च विद्यालय के समीप बने वाहन पड़ाव को हटाने की भी मांग की है। उनका कहना है कि विद्यालय के पास वाहनों का जमावड़ा छात्राओं की सुरक्षा के लिए खतरा बन रहा है और इससे जाम की समस्या और बढ़ जाती है।
प्रिंस सिंह ने प्रशासन से आग्रह किया है कि पांकी को रोजाना के जाम से स्थायी मुक्ति दिलाने के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि आवेदन के बाद प्रशासन इस दिशा में गंभीरता से पहल करेगा।










