ईचागढ़ : समय पर नहीं बन रहे छात्र-छात्राओं का प्रमाण पत्र

सरायकेला खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड के अंचल कर्मचारियों के उदासीन रवैया के कारण छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, महीने भर से छात्र-छात्राओं का आय, जाति,आवासीय प्रमाण पत्र नहीं बन रहे हैं। वर्तमान समय में सरायकेला-खरसावां जिले में गृह रक्षा वाहिनी( होमगार्ड) का आवेदन ऑनलाइन समर्पित किया जा रहा है, जिसका अंतिम तिथि 18 दिसंबर निर्धारित है। समय पर प्रमाण पत्र नहीं बनने के कारण ईचागढ़ के हजारों छात्र-छात्राएं होमगार्ड का फॉर्म भरने में वंचित हो जाएंगे। साथ ही विद्यालय, महाविद्यालय में अध्यनरत छात्र-छात्राओं का छात्रवृत्ति आवेदन भी ऑनलाइन समर्पित किया जा रहा है, जिसमें भी छात्र-छात्रा आवेदन करने में वंचित हो सकते हैं। बता दें कि प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन समर्पित करने के बाद संबंधित पंचायत के राजस्व कर्मचारी के द्वारा जांच कर ऑनलाइन वेरीफाई किया जाता है,उसके बाद अंचल निरीक्षक के द्वारा वेरीफाई किया जाता है और अंतिम में अंचल अधिकारी या उनके द्वारा अधिकृत कंप्यूटर ऑपरेटर के द्वारा जांच कर प्रमाण पत्र निर्गत किया जाता है।
छात्र जन्मेंजय महतो ने बताया कि आय प्रमाण पत्र बनाने हेतु विगत 24 नवंबर 2025 को प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन समर्पित किया है, परंतु 15 दिन बीत जाने के बाद भी संबंधित राजस्व कर्मचारी द्वारा ऑनलाइन वेरीफाई नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि ऐसे ही बहुत सारे सैकड़ों छात्र- छात्राओं का आय, जाति, आवासीय प्रमाण पत्र का आवेदन लंबित पड़ी हुई है। राज्य सरकार के नियामनुसार यदि कोई छात्र-छात्राओं के द्वारा तत्काल आवेदन समर्पित किया जाता है तो उसे सात दिनों के अंदर निष्पादन किया जाना पड़ता है और साधारण आवेदन 21 दिनों के अंदर निष्पादित करने का नियम है। परन्तु सरकार के नियमों को ताक पर रख कर ईचागढ़ अंचल कार्यालय में कार्य किया जाता है, जिसका खामियाजा हजारों छात्र-छात्राएं को भुगतना पड़ रहा है। छात्र-छात्राओं का मांग है कि लंबित पड़े सभी आवेदन को निष्पादित किया जाए, जिससे होमगार्ड और अध्यनरत छात्र-छात्राओं छात्रवृति का आवेदन समय पर समर्पित कर पाए l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *