बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण में देरी पर उपाध्यक्ष अनीता देवी की सख्ती,संवेदक को ब्लैकलिस्ट करने का निर्देश

बालूमाथ प्रखण्ड मुख्यालय स्थित प्रखण्ड कार्यालय परिसर में निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का कार्य लंबे समय से ठप पड़ा है। जिससे स्थानीय लोगों में असंतोष है। इस मुद्दे को लेकर दैनिक आजाद सिपाही ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित किया। वहीं इस खबर के गंभीरता से लेते हुए इस मुद्दे पर जिला परिषद लातेहार की उपाध्यक्षअनीता देवी ने कड़ा रुख अपनाते हुए भवन प्रमंडल, लातेहार के कार्यपालक अभियंता कमलेश से विस्तृत जानकारी ली।कार्यपालक अभियंता ने बताया कि कार्य ठप होने का कारण टेंडर प्राप्त करने वाली कंपनी में मैनेजिंग डायरेक्टर स्तर पर आंतरिक विवाद है, जिसकी वजह से निर्माण कार्य बाधित हुआ है। इस संबंध में विभाग को पूर्व में पत्र भी भेजा जा चुका है।अनीता देवी ने निर्देश दिया कि यदि संवेदक जल्द काम प्रारंभ नहीं करती है, तो उसे ब्लैकलिस्ट किए जाने हेतु विभाग को पुनः पत्र प्रेषित किया जाए, ताकि निर्धारित समयसीमा में कार्य प्रगति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने स्तर से हर संभव प्रयास करें, ताकि निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू हो।उन्होंने यह भी बताया कि बरवाडीह में सीएचसी का निर्माण पूर्ण हो चुका है,जबकि गारू और मनिका में कार्य अंतिम चरण में है। चारों स्थानों पर एक साथ कार्य शुरू हुआ था, इसलिए केवल बालूमाथ का निर्माण अधर में लटकना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।अनीता देवी ने कहा, यह सिर्फ एक भवन नहीं, बल्कि बालूमाथ की जनता के स्वास्थ्य अधिकारों से जुड़ा विषय है। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना हमारी जिम्मेदारी है।कार्यपालक अभियंता ने आश्वासन दिया कि 10 से 15 दिनों के भीतर बालूमाथ सीएचसी का कार्य पुनः शुरू करा दिया जाएगा।अनीता देवी ने कहा कि वे इस मामले पर लगातार निगरानी बनाए रखेंगी और उम्मीद है कि जल्द ही बालूमाथ की जनता को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *