झामुमो जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
झारखंड मुक्ति मोर्चा लातेहार जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव ने बालूमाथ में कैबिनेट द्वारा 38 करोड़ रुपये की लागत से डिग्री कॉलेज की मंजूरी मिलने पर माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी का हार्दिक धन्यवाद और आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इस फैसले को “लातेहार जिले के शैक्षणिक विकास की दिशा में मील का पत्थर” बताया।जिला अध्यक्ष ने कहा कि बालूमाथ प्रखंड एक बड़ा जनसंख्या वाला और भौगोलिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जहाँ वर्षों से डिग्री कॉलेज की मांग की जा रही थी। इस क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए लातेहार, हजारीबाग, रांची या बाहर के जिलों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे कई प्रतिभाशाली विद्यार्थी आर्थिक कमजोरियों के कारण उच्च शिक्षा से वंचित हो जाते थे।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री जी के इस महत्वपूर्ण निर्णय से हजारों विद्यार्थियों का भविष्य उज्ज्वल होगा। बालूमाथ में डिग्री कॉलेज की स्थापना से शिक्षा का माहौल मजबूत होगा, स्थानीय युवाओं को अवसर मिलेगा और क्षेत्र में सामाजिक-आर्थिक विकास की नई राह खुलेगी।
उन्होंने कहा,बालूमाथ प्रखंड तेजी से विकसित हो रहा है। रेलवे, उद्योग और सड़क संपर्क इसे एक महत्वपूर्ण क्षेत्र बनाते हैं। लेकिन उच्च शिक्षा की कमी वहाँ के युवाओं के लिए बड़ी बाधा है। जिला अध्यक्ष ने बताया कि बालूमाथ में डिग्री कॉलेज बनने से स्थानीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उनके घर के पास उपलब्ध होगी।आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे बाहर जाने की मजबूरी से बचेंगे
लड़कियों की उच्च शिक्षा में तेजी आएगी।क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर और शैक्षणिक वातावरण मजबूत होगा।आसपास के कई पंचायतों के छात्रों को भी बड़ा लाभ मिलेगा।उन्होंने कहा कि यह कॉलेज न केवल शिक्षा के अवसर बढ़ाएगा, बल्कि पूरे क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
लाल मोती नाथ शाहदेव ने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में लगातार ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में लातेहार जिला शिक्षा के क्षेत्र में राज्य का अग्रणी जिला बनेगा।अंत में जिला अध्यक्ष ने कहा,
“झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार जनहित और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। बालूमाथ का यह डिग्री कॉलेज उसी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मैं पुनः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी का धन्यवाद करता हूँ।









