2 करोड़ 45 लाख की लागत से बनने वाली सड़क का विधायक ने किया शिलान्यास।

साहिबगंज। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सदर प्रखंड अंतर्गत ग्राम शोभनपुर भट्टा से तालबन्ना दुर्गा स्थान होते हुए एनएच-80 तक बनने वाली नई पक्की सड़क का शिलान्यास रविवार को राजमहल विधायक मोहम्मद ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने विधिवत फीता काटकर किया। इस सड़क का निर्माण 2 करोड़ 45 लाख 63 हजार 385 रुपये की लागत से किया जाएगा। शिलान्यास समारोह के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे, जहां ग्रामीणों ने वर्षों पुरानी सड़क समस्या के समाधान पर विधायक के प्रति आभार जताया।
मौके पर विधायक एमटी राजा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य सड़क से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। यह सड़क न केवल आवागमन को सुगम बनाएगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार को भी नई गति देगी। उन्होंने कहा सड़क निर्माण के बाद ग्रामीणों को बरसात के दिनों में कीचड़ और जर्जर रास्तों की परेशानी से मुक्ति मिलेगी। इस सड़क के बन जाने से शोभनपुर भट्टा और आसपास के गांवों को एनएच-80 से सीधा संपर्क मिलेगा, जिससे किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी, मरीजों को अस्पताल पहुंचने में समय की बचत होगी और छात्र-छात्राओं का विद्यालय आना-जाना सुरक्षित व आसान हो सकेगा। वहीं क्षेत्र में व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क की मांग वर्षों से की जा रही थी, जो अब जाकर पूरी होने जा रही है। सड़क निर्माण को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम के अंत में विधायक ने संवेदक को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने का सख्त निर्देश भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *