ड्रैगन बोट खिलाड़ियों की समस्याओं पर विधायक रोशनलाल चौधरी ने खेल मंत्री से की मुलाकात, मंत्री ने दिया सहयोग का भरोसा
भुरकुंडा।बड़कागांव के विधायक रोशन लाल चौधरी के नेतृत्व में झारखंड ड्रैगन बोट एसोसिएशन के सचिव संतोष कुमार और खिलाड़ियों के प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड सरकार के खेलकूद, पर्यटन, संस्कृति एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू से रांची स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस अवसर पर विधायक श्री चौधरी ने मंत्री को ड्रैगन बोट खिलाड़ियों को हो रही परेशानियों और सुविधाओं की कमी से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नवंबर माह में महाराष्ट्र में आयोजित 12वीं राष्ट्रीय सीनियर ड्रैगन बोट चैंपियनशिप में झारखंड के खिलाड़ियों ने पांच पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया था। इसके बावजूद खिलाड़ियों को अब तक सम्मान राशि या प्रोत्साहन नहीं दिया गया है। मुलाकात के दौरान खिलाड़ियों ने अपने प्रशिक्षण की व्यवस्था, संसाधनों की कमी, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और अभ्यास स्थल से संबंधित समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। साथ ही राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी के अवसर बढ़ाने की भी मांग की गई। साथ ही झारखंड ड्रैगन बोट टीम ने सरकार से दो पीस डीबी 22 स्टैंडर्ड बोट कार्बन पेंडल सेट सहित और दो पीस डीबी 22 स्मॉल बोट कार्बन पेंडल सेट उपलब्ध कराने की मांग की। मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने खिलाड़ियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और जल्द ही आवश्यक सहयोग व सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि हमारे झारखंड के खिलाड़ी लगातार अपनी मेहनत और प्रतिभा से राज्य का गौरव बढ़ा रहे हैं। सरकार की सक्रिय पहल से इन्हें बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और ये राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी सफलता हासिल करेंगे।










