छात्रों को बांटे गए डिजिटल रिपोर्ट कार्ड, शिक्षा की गुणवत्ता व तकनीकी समावेश की दिखी झलकियां
शहर के सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (राज प्लस टू विद्यालय) में शुक्रवार को अर्द्धवार्षिक परीक्षा (एसए- वन) के रिपोर्ट कार्ड का वितरण सह अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पूरति शामिल हुई। इस दौरान डिजिटल रिपोर्ट कार्ड का आगाज आकर्षण का केंद्र रहा। कागज के पन्नों से हटकर, स्कूल प्रबंधन ने स्मार्ट क्लास रूम के स्मार्ट बोर्ड पर छात्रों के रिपोर्ट कार्ड को प्रदर्शित किया गया। प्राचार्य राजू नंदन साह ने कहा कि अभिभावकों के लिए यह एक नया अनुभव था। अपने बच्चों के अंकों और ग्रेडिंग को बड़ी स्क्रीन पर देखा, जो विद्यालय में हो रहे तकनीकी बदलाव और स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की सार्थकता को दर्शाता है। एसए- वन परीक्षा में अपनी कक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को जिला शिक्षा पदाधिकारी अनिता पुरती और विद्यालय के प्राचार्य राजू नंदन साह ने पुरस्कृत किया। रिपोर्ट कार्ड वितरण के बाद कक्षा वार बैठकें हुई। शिक्षकों ने अभिभावकों के साथ बच्चों के शैक्षणिक स्तर पर विस्तृत चर्चा की। जिन विषयों में छात्रों को अंक कम मिले हैं, उन पर विशेष ध्यान देने की रणनीति बनाई गई। अभिभावकों को घर पर पढ़ाई का माहौल बनाने के टिप्स भी दिए गए। ई-विद्यावाहिनी से परिचय
डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देते हुए, अभिभावकों को ई-विद्यावाहिनी पोर्टल और एप के बारे में भी जानकारी दी गई। शिक्षकों ने समझाया कि कैसे इस एप के माध्यम से अभिभावक बच्चों की उपस्थिति ट्रैक कर सकते हैं और कैसे स्कूल की गतिविधियों और सूचनाओं से अपडेट रह सकते हैं तथा बच्चों की प्रगति रिपोर्ट देख सकते हैं। आयोजित कार्यक्रम में छात्र-शिक्षक-अभिभावक समन्वय पर जोर दिया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सिर्फ स्कूल ही नहीं, बल्कि घर का माहौल भी महत्वपूर्ण है। शिक्षक और अभिभावक जब तक एक टीम की तरह काम नहीं करेंगे, तब तक अपेक्षित परिणाम नहीं मिलेंगे। आज के इस आयोजन ने यह साबित किया कि पाकुड़ का यह विद्यालय न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि तकनीकी नवाचार में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। मौके पर शिक्षक कौशल झा, मुख्तार आजम, सुशील झा, सिराज अहमद, सुप्रियो दत्ता, मुकुल हुसैन, पूनम कुमारी मौजूद थे।










