बैठक को संबोधित करते मोर्चा अध्यक्ष मंडल के सदस्य चंदेश्वर पाठक,उपस्थित शिक्षकगण
-पूर्वी सिंहभूम के वित्तरहित संस्थानों ने अनुदान प्रपत्र ऑनलाइन नहीं भरने का लिया
निर्णय
-मुसाबनी में संयुक्त संघर्ष मोर्चा की बैठक आयोजित
मुसाबनी: वित्त रहित संस्थानों के अनुदान में 75 प्रतिशत वृद्धि को कैबिनेट में लाने, नामांकन के लिए सीट वृद्धि, वित्तरहित कर्मियों को राज्य कर्मी का दर्जा देने तथा सावित्री बाई फूले किशोरी समृद्धि योजना के लिए वित्तरहित संस्थानों के लिए पोर्टल खोलने की मांगों को लेकर झारखंड राज्य वित्त रहित शिक्षा संयुक्त संघर्ष मोर्चा की बैठक मुसाबनी के गिरीश चंद्र झरो देवी उच्च विद्यालय सभागार में संपन्न हुई। विद्यालय प्रबंधन द्वारा अतिथियों का स्वागत शॉल भेंट कर किया गया।
बैठक की अध्यक्षता मुसाबनी माइंस इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर सीमा कल्याणी ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष मंडल सदस्य चंदेश्वर पाठक, संयोजक कुंदन कुमार सिंह उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि
वित्तरहित शिक्षा संयुक्त संघर्ष मोर्चा के नेताओं द्वारा पूरे झारखंड राज्य का दौरा किया जा रहा है। इससे स्पष्ट हो गया है कि पुरे राज्य के इंटर कॉलेज, हाई स्कूल, संस्कृत विद्यालय और मदरसा विद्यालय ने मोर्चा के निर्णय को सराहा है और सभी प्रमंडल के इन सभी संस्थानों ने एक मत से अनुदान प्रपत्र ऑन लाइन नहीं भरने का निर्णय लिया है। मोर्चा के संयोजक कुंदन कुमार सिंह ने शिक्षकों से आह्वान किया कि सभी लोग एकजुट होकर मोर्चा को मजबूती प्रदान करने के लिए अनुदान प्रपत्र ऑनलाइन नहीं भरने के अपने निर्णय पर अडिग रहें। साथ हीं उन्होंने सभी से मोर्चा को आर्थिक सहयोग करने की भी अपील की।
बैठक में मुसाबनी घाटशिला, बहरागोड़ा, चाकुलिया आदि क्षेत्र के वित्त रहित शिक्षक संस्थान के शिक्षक उपस्थित थे। जिनमें मुख्य रूप से मोर्चा के शिवपुजन सिंह, मुरारी प्रसाद सिंह,मिथलेश पांडेय, दिलीप कुमार बौधुक,अशोक सिंह, गोविंदा बास्के, शक्तिपद घोष,अनिल कर्मकार, समरेश कुमार साव,दीपक कुमार दास,बिनोद लाल, कृष्ण कुमार, किरण कुमारी, अल्पना सिंह आदि उपस्थित थे।










