अरुण आवासीय विद्यालय में डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की जयंती पर प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
छतरपुर : स्वतंत्र भारत के प्रथम राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद जी की जयंती के पावन अवसर पर अरुण आवासीय विद्यालय, जपला रोड छतरपुर में प्रतिभा सम्मान समारोह बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया।
इस अवसर पर छात्रा ऋतिका कुमारी, पिता श्री अनिल कुमार प्रजापति, वर्ग 8, ग्राम–बारा, छतरपुर (पलामू) को प्रतिभा दिवस सम्मान से सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय के दर्जनों प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और सृजनात्मक गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक सुनील कुमार ने कहा कि
“प्रतिभा दिवस का उद्देश्य बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें प्रोत्साहित करना है। जिस तरह डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने अपने कर्तव्यनिष्ठा, सादगी और आदर्शों से राष्ट्र का मार्गदर्शन किया, उसी प्रेरणा से हमारे विद्यार्थी भी देशहित में अपने कौशल और ज्ञान का उपयोग करें। ऐसी आयोजन से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और शिक्षा के प्रति सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।”
मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। समारोह का वातावरण उल्लासपूर्ण और प्रेरणादायी रहा।










