लातेहार रेलवे स्टेशन पर एसएसबी 32वीं बटालियन का स्वच्छता अभियान, नागरिकों को दिया स्वच्छ भारत का संदेश

लातेहार।लातेहार सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 32वीं बटालियन लातेहार द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा के तहत सोमवार को लातेहार रेलवे स्टेशन परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समुदाय को स्वच्छता प्रयासों से सीधे जोड़ना था।

यह अभियान बटालियन के कमांडेंट राजेश सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संचालित हुआ। अभियान में एसएसबी के जवानों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने पूरे स्टेशन क्षेत्र, प्लेटफॉर्म, सड़क किनारे और गंदगी से प्रभावित हिस्सों की सफाई की तथा कचरा मुक्त वातावरण बनाने में सहयोग दिया।

एसएसबी के जवानों ने उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता के महत्व को समझाते हुए कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह हमारी सतत आदत और सामूहिक जिम्मेदारी है। अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छ भारत अभियान से जुड़ने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

बटालियन के सदस्यों ने प्लास्टिक मुक्त वातावरण की दिशा में उठाए जाने वाले कदमों, सफाई की नियमितता और सामुदायिक सहयोग की अनिवार्यता पर भी प्रकाश डाला। अभियान के माध्यम से एसएसबी ने जिले में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने का प्रयास किया, जिसकी सराहना स्थानीय लोगों ने भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *