सांसद बिद्युत महतो ने लोकसभा में उठाया बागबेड़ा जलापूर्ति योजना का मुद्दा”
सांसद बिद्युत बरण महतो ने आज लोकसभा में नियम 377 के तहत बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति का मामला उठाया।उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य अंतर्गत बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना की अत्यंत गंभीर एवं लंबे समय से लंबित है।
सांसद श्री महतो ने कहा कि वर्ष 2014 से 2019 के बीच तत्कालीन राज्य सरकार द्वारा केंद्र सरकार के सहयोग से बागबेड़ा एवं गोविंदपुर जलापूर्ति योजनाओं की शुरुआत की गई थी। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो योजना बाद में प्रारंभ हुई थी वह पूरी हो चुकी है, किंतु बागबेड़ा जलापूर्ति योजना-जो पहले प्रारंभ हुई थी उसका लगभग 40 प्रतिशत कार्य आज भी अधूरा पड़ा है।
सांसद श्री महतो ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य हर ग्रामीण परिवार को हर घर नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है, किंतु झारखंड में इस योजना की प्रगति चिंताजनक है। कई क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने, पंप हाउस निर्माण तथा जलापूर्ति परीक्षण का कार्य पिछले कई महीनों से ठप्प पड़ा हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग आज भी दूर-दराज़ से पानी ढोने को मजबूर हैं, जबकि केंद्र सरकार द्वारा पर्याप्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
आज भी झारखंड के लाखों ग्रामीण परिवार पेयजल की सुविधा के लिए आज भी प्रतीक्षा कर रहे हैं।
सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार से मेरा विनम्र अनुरोध है कि इस योजना की प्रगति को प्राथमिकता के आधार पर तेज किया जाए, ताकि जनता को शीघ्र राहत मिल सके और बागबेड़ा जलापूर्ति योजना से संबंधित कोई भी आर्थिक सहायता लंबित हो, तो उसे शीघ्रातिशीघ्र जारी करने की कृपा करें, ताकि बागबेड़ा जलापूर्ति योजना को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके और वहाँ की जनता को राहत मिल सके।










