ए ला एंगलाइज विद्यालय में बाल विवाह रोकथाम के प्रति शपथ कार्यक्रम का हुआ आयोजन
भुरकुंडा।ए ला एंगलाइज सीनियर सेकेंडरी विद्यालय बिरसा चौक भुरकुंडा में शुक्रवार को कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने बाल विवाह रोकथाम के प्रति शपथ ली। यह कार्यक्रम भारत सरकार एवं झारखंड सरकार द्वारा संचालित जागरूकता अभियानों को समर्थन देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य विजयंत कुमार ने कहा कि बाल विवाह न केवल एक सामाजिक कुप्रथा है, बल्कि यह बच्चों के अधिकार, शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे में विद्यार्थियों को इस विषय पर जागरूक करना समाज में परिवर्तन लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शपथ ग्रहण के दौरान विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं बाल विवाह से दूर रहेंगे और अपने आस-पास होने वाले ऐसे किसी भी प्रयास का विरोध करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यह शपथ केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज को यह संदेश देने का प्रयास है कि नई पीढ़ी अन्याय और अंधविश्वास के खिलाफ डटकर खड़ी होगी। विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वासन दिया कि वह भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, ताकि हर बच्चे को सुरक्षित, शिक्षित और सम्मानजनक जीवन मिल सके।










