डीएवी विद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी का हुआ आयोजन .
डीएवी पब्लिक स्कूल के सभा भवन में विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के थीम पर बुधवार को एक विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में पाकुड़ एवं गोड्डा जिले के 12 स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी अनिता पुरती, डीपीएस के प्राचार्य जितेंद्र शर्मा, एलीट पब्लिक स्कूल के प्राचार्य अभिजीत राय एवं डीएवी के प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। निर्णायक मंडली में राज हाई स्कूल के विज्ञान के वरिष्ठ अध्यापक सुभाष चंद्रा, सेंट डॉन बॉस्को के प्राचार्य शिव शंकर दूबे एवं सीएम एक्सीलेंस विद्यालय के प्राचार्य राजू नंदन साह अपनी भूमिका निभाए। छात्रों ने भौतिकी, रसायन विज्ञान एवं पर्यावरण विज्ञान से जुड़े विभिन्न मॉडल एवं प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि विज्ञान आधारित शिक्षा अनुसंधान व प्रयोगशीलता ही भारत को विकसित व आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में स्थापित करेगी। उन्होंने आगे बताया कि स्टेम शिक्षा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तर्क, क्षमता, सृजनशीलता और समस्या समाधान को विकसित करता है जो आज के वैश्विक युग की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और उनकी रचनात्मकता को बढ़ावा देना था। बच्चों ने स्मार्ट सिटी, डिजास्टर अलार्म, प्लास्टिक रीसाइक्लिंग, वॉटर प्यूरीफायर, हाइड्रो पावर प्लांट, ड्रोन, रेस्पिरेटरी सिस्टम, पर्यावरण संरक्षण व दैनिक जीवन में विज्ञान के उपयोग से जुड़े मॉडल प्रस्तुत किए।










