प्रखंड के चार स्कूलों में हुई प्री बोर्ड परीक्षा .

माध्यमिक और उच्च माध्यमिक परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा सहित छात्र-छात्राओं की कुशलता को अधिक प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से प्रखंड में परख जांच के तहत प्री बोर्ड परीक्षा चल रही है। इसके तहत प्रखंड में कुल चार परीक्षा केंद्र कन्या उच्च विद्यालय, चौकीसाल उच्च विद्यालय, प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय गणपुरा एवं प्लस टू विद्यालय पाकुड़िया में परीक्षा आयोजित की जा रही है। बुधवार को बीडीओ सोमनाथ बनर्जी ने कन्या उच्च विद्यालय सहित अन्य केंद्रों में घूमकर परीक्षा का जायजा लिया। 12 वीं की परीक्षा में प्रथम पाली में गणित एवं राजनीतिक विज्ञान एवं द्वितीय पाली में अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा संपन्न हुई। वहीं 10वीं में प्रथम पाली में विज्ञान विषय एवं द्वितीय पाली में संस्कृत, उर्दू, बंगला, संथाली आदि विषयों की परीक्षा आयोजित हुई। प्लस टू विद्यालय के शिक्षकों ने इस बावत बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार प्री बोर्ड की इस परीक्षा को एकदम फाइनल परीक्षा की तर्ज पर आयोजित कर छात्रों को बोर्ड परीक्षा में समय प्रबंधन, अनुशासन के साथ-साथ वास्तविक परीक्षा का माहौल बनाकर छात्र छात्राओं के अनुभव को विकसित करने का कार्य किया जा रहा है। प्री बोर्ड के प्रश्न पत्रों को भी बोर्ड आधारित पैटर्न के अनुरूप विद्वान शिक्षकों की एक टीम द्वारा तैयार किया गया है। बहरहाल छात्रों के बीच भी परीक्षा को लेकर गंभीरता देखी जा रही है जो यह साबित करता है कि जिला प्रशासन अपने उद्देश्य में शत प्रतिशत सफल है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *