30 बेड में मरीजों को सुविधा नहीं और अब साढ़े 6 करोड़ में 12 अस्पताल बनाने की तैयारी
घाटशिला अनुमंडल में ₹6.60 करोड़ की लागत से कुल 12 स्वास्थ्य उप स्वास्थय केन्द्र का निर्माण होगा। प्रत्येक उप स्वास्थ्य केन्द्र की लागत ₹ 55 लाख होगी। इसके निर्माण को लेकर जिला परिषद कार्यालय द्वारा शनिवार को टेंडर निकाला गया है। टेंडर भरने की अंतिम तिथि 11 दिसंबर एवं टेंडर खोलने की तिथि 16 दिसंबर निर्धारित की गई है। जिन 12 उप स्वास्थ्य केन्द्रों का निर्माण होना है, उसमें बहड़ागोड़ा एवं चाकुलिया प्रखंड में एक -एक , घाटशिला प्रखंड में 4 एवं मुसाबनी प्रखंड में 6 शामिल हैं। बहड़ागोरा प्रखंड में ब्रहमणकुंडी पंचायत में , चाकुलिया प्रखंड में भातकुंडा पंचायत में घाटशिला प्रखंड में गोपालपुर, पूर्वी मौभंडार, पश्चिम मौभंडार एवं पावड़ा शामिल हैं। जबकि मुसाबनी प्रखंड में दक्षिणी ईचड़ा, बेनाशोल, पूर्वी मुसाबनी, पश्चिम मुसाबनी, दक्षिण बदिया एवं पूर्वी बदिया शामिल हैं।
स्वास्थ्य व्यवस्था के नाम पर झारखंड में भवनों का निर्माण तो हो रहा है, पंरतु स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। मुसाबनी प्रखंड इसका उदाहरण है। इस प्रखंड में 30 बेड का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तो है, पंरतु वहां सुविधाओं की कमी है। डाक्टरों और संसाधनों की कमी है। अक्सर मरीजों को एमजीएम रेफर कर दिया जाता है। इस प्रखंडों के 19 पंचायतों में उप स्वास्थ्य केंद्र से लैस किया जा रहा है। डाक्टरों और संसाधनों की कमी के कारण लाखों रुपए की लागत से बनने वाले इन उप स्वास्थ्य केंद्रों का क्या हाल होगा। स्थिति देखना है तो दक्षिणी बदिया स्थित बंद पड़े उप स्वास्थ्य केंद्र को देखिए। इसकी स्थिति देखकर आप यह अंदाजा लगा लिजिएगा कि अन्य उप स्वास्थ्य केंद्र का क्या हाल है, और 55-55 लाख की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्रों का क्या हाल होगा। मालूम हो दक्षिण बदिया पंचायत का यह उप स्वास्थ्य केन्द्र वर्ष 2009 में ₹22 लाख की लागत बना था। तब से लेकर यह बंद है। 16 वर्षों से बंद रहने के कारण अब यह जर्जर होता जा रहा है।










