12 से 14 जनवरी तक बाजार समिति में मनेगा सोहराय
पाकुड़! सोहराय पर्व को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी के उपस्थिति में उनके कार्यालय कक्ष में मंगलवार को बैठक हुई। बैठक में गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी सोहराय पर्व का आयोजन 12, 13 एवं 14 जनवरी 2026 को बाजार समिति प्रांगण में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सोहराय पर्व संताल सहित अन्य आदिवासी समुदायों द्वारा संताल परगना क्षेत्र में पारंपरिक रूप से मनाया जाता है। यह पर्व भगवान को धन्यवाद अर्पित करने के रूप में मनाया जाता है, जिसमें बीते वर्ष अच्छी वर्षा, बेहतर कृषि उत्पादन तथा खेती में सहयोगी पशु—गाय, बैल आदि—की पूजा-अर्चना कर उन्हें सम्मान दिया जाता है।
परंपरा के अनुसार पर्व की तैयारी गांवों की साफ-सफाई से शुरू होती है तथा घरों की दीवारों पर सोहराय पेंटिंग की जाती है। इसी क्रम में प्रखंड पाकुड़ के एक गांव का सांकेतिक चयन कर वहां 11 जनवरी 2026 को स्वच्छता अभियान एवं सोहराय पेंटिंग की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम के तहत 12 जनवरी को विधि-विधान से गोड़ पूजा, 13 जनवरी को खुटांब, जबकि 14 जनवरी को बेजहा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
सोहराय पर्व के दौरान स्थानीय वेश-भूषा, पारंपरिक भोजन के स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही संबंधित लोगों को स्टॉल लगाने एवं मेला जैसी गतिविधियों के आयोजन के लिए आमंत्रित किया गया है। इस वर्ष के आयोजन में स्थानीय उभरते कलाकारों एवं पारंपरिक संगीत–वाद्य यंत्रों को मंच प्रदान करने का विशेष प्रयास किया जाएगा।
इस संबंध में आयोजित बैठक में लिए गए प्रस्तावों की रूपरेखा उपायुक्त, पाकुड़ को समर्पित की जाएगी। बैठक में अपर समाहर्ता,प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, पणन सचिव, बाजार समिति पाकुड़ सहित आदिवासी समाज के प्रबुद्ध बुद्धिजीवी, स्थानीय मुखिया, गणमान्य नागरिक तथा के.एम. कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।










