11 सूत्री मांगों को लेकर अंचल कार्यालय का घेराव
नीलांबर पीतांबरपुर इकाई के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सोमवार को गांधी चौक से रैली निकालकर प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष जोरदार आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन शांतिपूर्ण लेकिन दृढ़ संकल्प के साथ संपन्न हुआ।कार्यक्रम की अध्यक्षता भाकपा (माले) नीलांबर–पीतांबरपुर प्रखंड सचिव कामरेड कमेश सिंह चेरो ने की। मुख्य वक्ता के रूप में भाकपा (माले) झारखंड राज्य स्थायी कमेटी के सदस्य एवं अखिल भारतीय किसान महासभा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष कामरेड बी.एन. सिंह उपस्थित थे।अपने संबोधन में कामरेड बी.एन. सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदले जाने को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का घोर अपमान बताया। साथ ही उन्होंने झारखंड की हेमंत सरकार पर अपने वादों से मुकरने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अंचल कार्यालय और जनप्रतिनिधियों के संरक्षण में भूमि माफियाओं का मनोबल बढ़ा है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक गरीबों, किसानों और मजदूरों के पक्ष में ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लूट अपने चरम पर है और केंद्र व राज्य सरकारें इसे खुली छूट दे रही हैं। बिना संघर्ष के न्याय संभव नहीं है।प्रदर्शन के दौरान अंचलाधिकारी को 11 सूत्री मांग पत्र सौंपा गया। इस मौके पर कामरेड शिवनाथ महतो, छोटू कुमार मेहता, अनुज पासवान, कालो देवी, गुड्डू भुइयां, कुलवंती देवी, श्यामलाल पासवान, चनारीक भुइयां, इंद्रजीत राम, एपवा नेत्री कविता सिंह, कामरेड उस्मान, जितेंद्र सिंह चेरो सहित कई नेताओं ने सभा को संबोधित किया।










