हेसालौंग फुटबॉल मैदान में मेला में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
मैकलुस्कीगंज म सरस्वती पूजा के पावन अवसर पर प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी हेसालौंग फुटबॉल मैदान में रघुकुल मेला का आयोजन किया गया। मेले में श्रद्धालुओं के साथ-साथ बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मेले में श्रृंगार सामग्री, पूजा सामग्री, पारंपरिक मिठाइयां, खिलौने तथा खानपान की विभिन्न दुकानों को सजाया गया था। महिलाएं पूजा एवं श्रृंगार सामग्री की खरीदारी में व्यस्त रहीं, जबकि बच्चे खिलौनों, चाट और मिठाइयों का आनंद लेते नजर आए। पारंपरिक मिठाइयों की दुकानों पर दिनभर भीड़ लगी रही, जहां स्थानीय लोगों ने जमकर खरीदारी की। मेला हर आयु वर्ग के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। यह मेला सामाजिक मेलजोल और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का माध्यम भी है। लोग परिवार और मित्रों के साथ मेले का आनंद लेते दिखे। मेला आयोजकों ने व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए थे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन द्वारा भी आवश्यक कदम उठाए गए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।










