हर हर महादेव सेवा संघ ने सबर परिवारों के बीच कंबल व टुसु पर्व सामग्री का किया वितरण
– सबर परिवारों को कम्बल वितरण करते अमरप्रीत सिंह काले व अन्य। प्रतिनिधि, भाटिन। सामाजिक सरोकारों के प्रति निरंतर सक्रिय हर हर महादेव सेवा संघ, जमशेदपुर द्वारा भाटिन पंचायत अंतर्गत खारियाकोचा गाँव में जरूरतमंद सबर परिवारों के बीच सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस अवसर पर गाँव के लगभग 28 सबर परिवारों को ठंड से राहत देने के उद्देश्य से कंबल, मिठाई तथा पारंपरिक टुसु पर्व मनाने हेतु आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया. कार्यक्रम के दौरान संघ के संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले ने स्वयं उपस्थित रहकर सबर परिवारों को अपने हाथों से कंबल व सामग्री प्रदान की. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हर हर महादेव सेवा संघ बीते 25 वर्षों से लगातार सर्दी के मौसम में असहाय, गरीब और वंचित वर्ग के लोगों के बीच कंबल वितरण का कार्य करता आ रहा है. उन्होंने कहा कि सेवा ही संघ का मूल उद्देश्य है और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुँचाना उनकी प्राथमिकता रही है. आने वाले समय में भी संघ इसी भावना के साथ जरूरतमंदों की सेवा करता रहेगा. अमरप्रीत सिंह काले ने यह भी कहा कि पर्व-त्योहार तभी सार्थक होते हैं जब समाज के सभी वर्गों के चेहरे पर मुस्कान आए. टुसु पर्व के अवसर पर सामग्री वितरण से सबर परिवारों को अपनी परंपराओं को उत्साहपूर्वक मनाने का अवसर मिलेगा. मौके पर जितेंद्र चावला, राघवेंद्र शर्मा, अखिलेश पांडे, रामकेवल मिश्रा, संदीप कुमार सिंह, मुन्ना सिंह, जूगुन पांडे, सरबजीत सिंह टोबी, प्रशांत कुमार, पिंटू भिरभरिया, रामा राव सहित संघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे और सेवा कार्य में सक्रिय सहयोग दिया. कार्यक्रम के दौरान सबर परिवारों में विशेष उत्साह देखा गया. स्थानीय ग्रामीणों ने हर हर महादेव सेवा संघ के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया.










