सोते समय सहायक अवर निरीक्षक का हुआ निधन।

साहिबगंज।हजारीबाग जिला के यातायात थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (सअनि) जूलियस मरांडी का गुरुवार की रात सोते समय निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से पुलिस विभाग सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।स्व. जूलियस मरांडी साहिबगंज जिला के मंडरो प्रखंड अंतर्गत बच्चा गांव के निवासी थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार वे लंबित कांडों का प्रभार सौंपने के लिए गुरुवार को बरकट्ठा थाना गए हुए थे। रात में भोजन करने के बाद वे अपने बैरक में सोने चले गए। शुक्रवार की सुबह काफी देर तक नहीं जागने पर थाना के पदाधिकारी बैरक पहुंचे, जहां वे अचेत अवस्था में पाए गए।
तत्काल उन्हें बरकट्ठा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। कयास लगाया जा रहा है कि अत्यधिक ठंड लगने के कारण उनकी मौत हुई होगी। हालांकि पोस्टमार्टम के बाद ही औपचारिक प्रक्रिया पूरी की गई।साथ ही गोड्डा पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में गोड्डा के नए पुलिस लाइन मैदान में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम सलामी दी गई। इसके बाद सम्मानपूर्वक उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव साहिबगंज भेजा गया। शनिवार को गांव में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
कर्तव्यनिष्ठ, मिलनसार और अनुशासित छवि के लिए पहचाने जाने वाले सअनि जूलियस मरांडी के निधन से पुलिस महकमे ने एक ईमानदार अधिकारी को खो दिया है।
स्थानीय लोगों और सहकर्मियों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *