सिगरेट से लगी चिंगारी ने किसान की मेहनत को लगाया आग, 200 धान का बोझा जलकर हुआ खाक

मनातू थाना क्षेत्र के मंझौली पंचायत अंतर्गत टेटर गांव में शनिवार दोपहर लगभग 12:30 बजे आग लगने की घटना में एक किसान का पूरा खलिहान जलकर राख हो गया। यह घटना उस समय हुई जब कुछ अज्ञात लोगों ने सिगरेट पीकर उसका टुकड़ा लापरवाही से खलिहान के पास फेंक दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और खलिहान में रखे करीब 200 धान के बोझे पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।
पीड़ित किसान मासूख खान ने बताया कि वह पूरे साल कड़ी मेहनत कर इस फसल को तैयार किया था। महंगे दामों पर खाद-बीज खरीदकर फसल तैयार की गई थी। धान जलने के साथ-साथ मवेशियों के लिए रखा चारा भी पूरी तरह से भस्म हो गया, जिससे परिवार अब पशुपालन और खाद्यान्न दोनों संकट का सामना कर रहा है।
आग लगने की सूचना गांव वालों को मिलते ही स्थानीय लोग बाल्टी और पाइप के जरिए आग बुझाने में जुट गए, लेकिन तब तक अधिकांश धान राख में तब्दील हो चुका था। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो पास में बने घर भी आग की चपेट में आ सकते थे।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजा देने की मांग की है ताकि हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सके। ग्रामीणों ने इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए धूम्रपान करने वालों को खेतों और खलिहानों के पास सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *