संदीप स्टार ने मुहूलपहाड़ी को एक गोल से हराया
प्रखंड अंतर्गत अभुवा पंचायत अंतर्गत न्यू किसान क्लब मुर्गाडांगा द्वारा आयोजित तीन दिवसीय फुटबाल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले तथा मानिकपुर पंचायत के ग्राम काकजोल में जूनियर स्पॉटिंग क्लब द्वारा आयोजित कपड़ा बॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले का भव्य आयोजन किया गया। दोनों ही प्रतियोगिताओं के फाइनल मैच में झामुमो की केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई।मुर्गाडांगा में आयोजित फुटबाल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में संदीप स्टार ने मुहूलपहाड़ी को एक गोल से हराकर खिताब जीता। विजेता टीम को 25 हजार रुपये नगद पुरस्कार दिया गया। जबकि उपविजेता टीम को 20 हजार रुपये नगद पुरस्कार दिया गया। काकजोल में आयोजित कपड़ा बॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में आनंद स्टार काकजोल ने नितिन स्टार को एक गोल से हराकर खिताब जीता। विजेता टीम को एक बड़ा खस्सी और उपविजेता टीम को एक छोटा खस्सी पुरस्कार स्वरूप दिया गया। उपासना मरांडी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खेल के क्षेत्र में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं चला रहे हैं। उन्होंने युवाओं को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल भावना बनाए रखने की अपील की।










