संत सोल्जर पब्लिक स्कूल में मानव अधिकार दिवस पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों ने सीखी मूल अधिकारों की अहमियत
बरवाडीह :- प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह एवम विनय चौरसिया सचिव, जिला विधि सेवा प्राधिकार लातेहार के आदेशानुसार बुधवार को बरवाडीह प्रखंड स्थित संत सोल्जर पब्लिक स्कूल में मानव अधिकार दिवस पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं, शिक्षकों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य प्रवक्ता डॉ. मुरारी झा (पीएलवी सह अधिकार मित्र) ने छात्रों को मानव अधिकारों के इतिहास और महत्व से अवगत कराते हुए बताया कि मानव अधिकार दिवस प्रतिवर्ष 10 दिसंबर को मनाया जाता है। यह दिन 10 दिसंबर 1948 को संयुक्त राष्ट्र द्वारा मानव अधिकारों की सार्वभौम घोषणा अपनाए जाने की याद में मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि मानव अधिकार हर व्यक्ति को उसकी जीवन, स्वतंत्रता, समानता, गरिमा और प्रतिष्ठा से जुड़े मूल अधिकार प्रदान करते हैं। इन अधिकारों का उद्देश्य समाज में भेदभाव को समाप्त कर सभी को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर देना है।
डॉ. झा ने छात्रों को अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार नियमों और उनके संरक्षण के उपायों की भी विस्तृत जानकारी दी।
विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मानव अधिकार किसी भी व्यक्ति के साथ जाति, धर्म, भाषा, लिंग, राष्ट्रीयता या किसी भी अन्य आधार पर भेदभाव नहीं करते। हर मनुष्य इन अधिकारों का समान रूप से अधिकारी है।
उन्होंने मानव अधिकारों की प्रासंगिकता को समझाते हुए अपनी बात का समापन एक प्रेरक कविता के माध्यम से किया, जिसे उपस्थित छात्रों और शिक्षकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी मानव अधिकारों पर अपने विचार व्यक्त किए और जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम विद्यालय परिसर में सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।










