शिविर में रक्तदाताओं ने 61 यूनिट रक्त दान किया
लावालौंग /चतरा (आजाद सिपाही)। प्रखंड क्षेत्र में
इंसानियत की सेवा और मानव जीवन को बचाने के उद्देश्य से आज लावालौंग में ‘मिशन रक्तक्रांति हिंदुस्तान’ के तहत एक विशाल ‘रक्तदान महाशिविर’ का सफल आयोजन किया गया। स्थानीय संगठन रक्तमित्र लावलौंग द्वारा आयोजित इस शिविर में समाज के सभी वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसके परिणामस्वरूप कुल 61 यूनिट बहुमूल्य रक्त का संग्रहण हुआ। यह महाशिविर लावालौंग के स्वास्थ्य केंद्र में सुबह 09 बजे से शाम 04 बजे तक चला। रक्तमित्र लावालौंग के संस्थापक और निवेदक विवेक केशरी ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में रक्त की कमी को दूर करना और आपात स्थिति के लिए सुरक्षित भंडार सुनिश्चित करना है।
संगठन ने इस कार्यक्रम के माध्यम से ‘हर घर रक्तदाता, घर घर रक्तदाता’ का संदेश दिया। पोस्टर पर अंकित प्रेरणादायक पंक्तियाँ— “न जगह, न मौसम, न जात देखा करते हैं, हम रक्तदानी हैं, बस हालात देखा करते हैं”— दानदाताओं के बीच व्यापक रूप से गूंजीं। शिविर में दानदाताओं की उपस्थिति सराहनीय रही, जिन्होंने बिना किसी भेदभाव के रक्तदान कर ‘महादान’ की महत्ता को सिद्ध किया। 61 यूनिट रक्त का यह संग्रहण जिले के ब्लड बैंकों को मजबूती प्रदान करेगा और गंभीर बीमारियों या दुर्घटनाओं में जीवन और मृत्यु से जूझ रहे मरीज़ों के लिए वरदान साबित होगा। रक्तमित्र ने सभी रक्तदाताओं, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त किया । जिनके सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। यह उपलब्धि दर्शाती है कि समाज में निस्वार्थ सेवा और मानव कल्याण के लिए सामूहिक प्रयास की भावना कितनी प्रबल है।










