विधायक व उपायुक्त ने सरकार आपके द्वार शिविर में लोगों को किया लाभन्वित
प्रखंड अंतर्गत लागडुम पंचायत में आयोजित आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार सेवा सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, उपायुक्त मनीष कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष जुलीखिष्टमुनी हेम्ब्रम एवं उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया शामिल हुए। कार्यक्रम में पंचायत स्तरीय शिविर में पहुंचे लाभुकों के बीच परिसंपत्तियां वितरित की गईं। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने कहा कि गांवों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा बनाई जा रही योजनाएं, ग्रामीणों को उनके हक और अधिकार देने के लिए गांव-गांव में किया जा रहा हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से लोगों को मान-सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीविकोपार्जन का अवसर प्रदान किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि सरकार की योजनाओं में ग्रामीण जनता की सहभागिता राज्य के विकास को गति देती है। उन्होंने कहा कि झारखंड में कई ऐसे सुदूर और जटिल इलाके हैं, जहां योजनाओं का लाभ लोगों तक सहज रूप से नहीं पहुंच पाता। ऐसे क्षेत्रों में आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के माध्यम से लाभुकों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है और उन्हें सीधे लाभ से जोड़ा जा रहा है। विधायक, उपायुक्त, जिला परिषद अध्यक्ष ने विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और कहा कि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीणों की दशा और दिशा सुधारना है। उन्होंने जनता से सहभागिता और सहयोग सुनिश्चित करने का आग्रह किया।










