लिट्टीपाड़ा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित
लिट्टीपाड़ा: सरस्वती पूजा के अवसर पर क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर मंगलवार को लिट्टीपाड़ा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विवेक कुमार ने की।
बैठक में उपस्थित सरस्वती पूजा पंडालों के अध्यक्षों एवं समिति सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन की ओर से डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध, अश्लील गीतों के प्रसारण पर रोक, सड़कों पर पंडाल निर्माण न करने तथा चंदा वसूली पर प्रतिबंध (केवल स्वैच्छिक सहयोग मान्य) को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारी ने सभी पूजा समितियों से आपसी सहयोग बनाए रखने और शांतिपूर्ण व मर्यादित वातावरण में पूजा संपन्न कराने की अपील की। प्रशासन ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।










