लपरा पंचायत में उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों पर तीन दिवसीय कृषि प्रशिक्षण सम्पन्न

मैक्लुस्कीगंज। लपरा पंचायत में सीएसआर के तहत सीएमपीडीआइ के सहयोग से स्तूपा डेवलपमेंटल फाउंडेशन के तत्वावधान में फसल विविधीकरण एवं उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों को लेकर संचालित तीन दिवसीय कृषि प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार को सम्पन्न हो गया। प्रशिक्षण के तीसरे एवं अंतिम दिन नवाडीह गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नवाडीह सहित आसपास के गांवों के किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन प्रथम दिन लपरा पंचायत के टोंगरी टोला, दूसरे दिन हेसालोंग तथा तीसरे एवं अंतिम दिन नवाडीह गांव में किया गया। तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान पंचायत स्तर पर कुल 194 किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।प्रशिक्षण के दौरान स्तूपा डेवलपमेंटल फाउंडेशन के को-ऑर्डिनेटर अमित कुमार एवं कृषि विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। डॉ. अजय कुमार ने किसानों को वैज्ञानिक विधि से आलू, स्ट्रॉबेरी, चेरी, टमाटर एवं मटर जैसी उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों के उत्पादन, रोग नियंत्रण एवं फसल प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने फफूंदीनाशक दवा तैयार करने की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया तथा खेतों में जाकर किसानों की फसलों से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया।डॉ. कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीक से खेती करने के लिए प्रोत्साहित करना तथा बागवानी फसलों की कटाई उपरांत प्रबंधन की समुचित जानकारी देना है। इसके अंतर्गत फसलों की संभाल, भंडारण, ग्रेडिंग एवं प्रसंस्करण पर विशेष जोर दिया गया, जिससे फसल क्षति कम हो, गुणवत्ता बनी रहे और किसानों को बाजार में बेहतर मूल्य प्राप्त हो सके। साथ ही किसानों को मंडी एजेंटों से जोड़ने, पैकेजिंग एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग की भी जानकारी दी गई। मौके पर प्रगतिशील किसान नगीना कुमारी, राधा देवी, दुर्गा देवी, अनीता देवी, रीमा देवी, शिवनारायण लोहारा, भरत महतो, मुकेश, संजय मुंडा, लखन प्रसाद, पंचम लोहारा, विनोद मुंडा सहित बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और प्रशिक्षण को लाभकारी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *