रेल दुर्घटना के बाद जामताड़ा स्टेशन व बस स्टैंड पर बढ़ी भीड़, यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एसडीओ अनंत कुमार ने किया निरीक्षण
हावड़ा–नई दिल्ली मुख्य रेल लाइन पर सिमुलतल्ला–लाहाबाद के बीच 28 दिसंबर 2025 को हुई रेल दुर्घटना के कारण कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। ट्रेनों के रद्द होने से जामताड़ा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के उद्देश्य से 29 दिसंबर 2025 को अनुमंडल पदाधिकारी, जामताड़ा श्री अनंत कुमार ने जामताड़ा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने स्टेशन परिसर में यात्रियों की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था तथा उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने जामताड़ा रेलवे स्टेशन प्रबंधक, रेलवे के अन्य पदाधिकारियों एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारियों के साथ विस्तृत विमर्श किया। बैठक में यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, सूचना व्यवस्था और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर विशेष चर्चा की गई।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी ने जामताड़ा रेलवे स्टेशन परिसर में हाल ही में निर्मित आरपीएफ थाना भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आरपीएफ जामताड़ा के अधिकारियों से रेल यात्रियों एवं रेलवे संपत्ति की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिया कि भीड़भाड़ की स्थिति में सतर्कता बढ़ाई जाए और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
अनुमंडल पदाधिकारी श्री अनंत कुमार ने आरपीएफ को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन की ओर से रेल यात्रियों तथा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थिति में प्रशासन, रेलवे और आरपीएफ के बीच बेहतर समन्वय से ही यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। निरीक्षण के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
Search on web










