रेलवे स्टेशन में गार्डन व सौंदर्यीकरण का किया निरीक्षण
दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड (डीबीएल) के अधिकारियों ने सोमवार को रेलवे स्टेशन परिसर एवं एक नंबर प्लेटफॉर्म में अधिकारी विश्राम गृह के पास गार्डन एवं सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य रूप से स्टेशन प्रबंधक लखीराम हेंब्रम मौजूद थे। ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर एसोसिएशन के अध्यक्ष हिसाबी राय, सचिव राणा शुक्ला, ईस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन के अध्यक्ष सह मुख्य टिकट निरीक्षक अखिलेश कुमार चौबे भी मौजूद थे। इनके अलावा यूनियन के सचिव सह वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (दूरभाष) संजय कुमार ओझा, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (विद्युत) राजू कुमार भी मौजूद थे। निरीक्षण करने पहुंचे टीम में डीबीएल के सहायक उपाध्यक्ष बृजेश कुमार एवं तकनीकी सलाहकार राकेश चौरसिया शामिल थे। अधिकारियों ने दोनों ही जगह गार्डन का बारीकी से जायजा लिया। इन जगहों पर गार्डन को बेहतरीन तरीके से विकसित करने और सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर रेलवे के अधिकारियों और एसोसिएशन के मौजूद अधिकारियों के साथ लंबी बातचीत की। निरीक्षण टीम में शामिल अधिकारियों ने गार्डन को विकसित करने के लिए हर पहलू को देखा और जरूरी बातों पर समीक्षा भी की। बता दें कि कोयला उत्खनन कंपनी दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड (डीबीएल) की ओर से ही रेलवे स्टेशन में गार्डन और सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। कंपनी के सहायक उपाध्यक्ष बृजेश कुमार ने कहा कि ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर एसोसिएशन का गार्डन और सौंदर्यीकरण में सराहनीय प्रयास रहा है। यह पर्यावरण को संरक्षित करने के साथ-साथ रेलवे स्टेशन की चमक भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि पाकुड़ के विकास में योगदान ही हमारा सामाजिक उत्तरदायित्व है। गार्डन को बेहतरीन तरीके से विकसित किया जाएगा। इसका भव्य तरीके से सौंदर्यीकरण किया जाएगा।










