रेयर पब्लिक स्कूल की नई शाखा का हुआ उद्घाटन
पाकुड़। शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल के तहत रेयर पब्लिक स्कूल की नई शाखा का भव्य उद्घाटन जयस्टोपुर पंचायत की मुखिया नजिरा खातून ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में उनकी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम गौरवपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय संचालक मोताहार ने बताया कि इस विद्यालय में बच्चों को दुनियावी शिक्षा के साथ-साथ इस्लामिक शिक्षा भी प्रदान की जाएगी। पाठ्यक्रम में हिंदी, अंग्रेज़ी, बंगाली, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, उर्दू, अरबी, कंप्यूटर शिक्षा एवं सामान्य ज्ञान जैसे विषय शामिल किए गए हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को धार्मिक ज्ञान के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा देकर भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
कार्यक्रम के दौरान छोटे-छोटे बच्चों के लिए शिक्षा पर आधारित भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
उद्घाटन समारोह में तरबियाह स्कूल के प्राचार्य अज़ीजुर रहमान, निदेशक अब्दुल बसीर, पश्चिम बंगाल से मेडिका हेल्थ के निदेशक सोइबुर रहमान सहित कई विद्यालयों के निदेशक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।









