राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की सड़क निर्माण योजना में खुली लूट, नियमों की धज्जियां— सांसद प्रतिनिधि ने उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
लातेहार जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं का मामला अब खुलकर सामने आ गया है। संवेदक कंपनी पर कानून, नियम और स्थानीय हितों को ताक पर रखकर मनमानी करने के गंभीर आरोप लगे हैं। सांसद प्रतिनिधि एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष छोटू राजा ने इसे सीधे तौर पर “विकास के नाम पर शोषण और लूट” करार देते हुए प्रशासन की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए हैं।
मीडिया से बातचीत में छोटू राजा ने कहा कि जिले में सड़क निर्माण कार्य पूरी तरह से संवेदक कंपनी की मनमर्जी पर चल रहा है। न तो सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है और न ही स्थानीय युवाओं को उनका हक दिया जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि अगर यही स्थिति रही तो यह निर्माण कार्य विकास नहीं बल्कि जनता के लिए अभिशाप बन जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस गंभीर मामले को लेकर उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक को लिखित शिकायत सौंपी गई है, लेकिन अब तक ज़मीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं दिख रही है।
प्रशासन के समक्ष उठाए गए गंभीर आरोप
स्थानीय युवाओं की खुलेआम अनदेखी:
संवेदक कंपनी द्वारा 75 प्रतिशत स्थानीय नियोजन नीति को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है। स्थानीय युवा बेरोजगार दर-दर भटक रहे हैं, जबकि बाहरी राज्यों से मजदूर लाकर काम कराया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे:
बाहर से लाए गए सैकड़ों मजदूरों का अब तक पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया है। इससे क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। किसी अप्रिय घटना की स्थिति में जिम्मेदारी तय कौन करेगा, इस पर प्रशासन मौन है।
ग्रामीण सड़कों की बर्बादी:
ओवरलोड वाहनों के बेलगाम परिचालन से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी ग्रामीण सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो रही हैं, लेकिन परिवहन विभाग और प्रशासन आंख मूंदे बैठा है।
अवैध खनन से करोड़ों की राजस्व चोरी:
मिट्टी और मुरम के नाम पर सरकारी और रैयती जमीनों से अवैध उठाव किया जा रहा है। बिना रॉयल्टी भुगतान के सरकार को भारी राजस्व नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिससे संवेदक और माफियाओं की मिलीभगत की आशंका गहराती जा रही है।
प्रदूषण से जनजीवन बेहाल:
निर्माण स्थलों पर पानी का छिड़काव नहीं होने से धूल का गुबार उड़ रहा है। ग्रामीणों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर इसका सीधा और गंभीर असर पड़ रहा है।
एक सप्ताह की अंतिम चेतावनी
छोटू राजा ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर अनियमितताओं पर रोक नहीं लगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता नहीं दी गई, तो भारतीय जनता युवा मोर्चा सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा। आवश्यकता पड़ी तो सड़क निर्माण कार्य को अनिश्चितकाल के लिए पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की संपूर्ण जिम्मेदारी संवेदक कंपनी और प्रशासन की होगी।
छोटू राजा ने कहा कि लातेहार की जनता अब और अन्याय सहने वाली नहीं है। स्थानीय युवाओं के अधिकार, संसाधनों की लूट और कानून की अवहेलना के खिलाफ संघर्ष हर हाल में लड़ा जाएगा, चाहे इसके लिए कितनी ही बड़ी लड़ाई क्यों न लड़नी पड़े।










