रजवार कॉल ब्लॉक में भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया पर गंभीर सवाल?
बालूमाथ। लातेहार जिले के बालूमाथ प्रखंड अंतर्गत रजवार पंचायत एवं आस-पास के क्षेत्रों में बनाए गए “रजवार कॉल ब्लॉक” में भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। इस कॉल ब्लॉक को टीवीएनएल को आवंटित किया गया है।जिला परिषद की उपाध्यक्ष अनीता देवी ने बताया कि हाल ही में रजवार पंचायत के ग्रामीणों के साथ हुई बैठक में यह गंभीर शिकायत प्राप्त हुई कि टीवीएनएल द्वारा बिना विधिवत ग्राम सभा एवं ग्रामीणों की वास्तविक सहमति के कथित रूप से फर्जी जनसुनवाई दिखाकर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।उन्होंने कहा कि यह मामला भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013 का स्पष्ट उल्लंघन प्रतीत होता है, जिसमें ग्राम सभा की स्वीकृति एवं पारदर्शी प्रक्रिया अनिवार्य है।
इस संबंध में उपायुक्त, लातेहार को लिखित रूप से शिकायत देकर मांग की गई है कि
पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। यदि किसी भी स्तर पर फर्जी या त्रुटिपूर्ण प्रक्रिया पाई जाती है तो अधिग्रहण कार्य को तत्काल रोका जाए।प्रभावित ग्रामीणों की बात सुनी जाए और न्यायपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। भविष्य में ऐसी अनियमितताओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु प्रशासनिक निगरानी सख्त की जाए।श्रीमती अनीता देवी ने स्पष्ट कहा कि विकास के नाम पर ग्रामीणों के अधिकारों का हनन स्वीकार्य नहीं है और जनप्रतिनिधि होने के नाते वे ग्रामीण हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाती रहेंगी।










