मैक्लुस्कीगंज दुल्ली सड़क पर तीन कार आपस में टकराई

मैक्लुस्कीगंज ।मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के दुल्ली के पास तीन कारें आपस में टकरा गईं। हादसा इतना भीषण था कि सभी वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, बावजूद इसके तीनों कार चालकों की जान बाल-बाल बच गई। जानकारी के अनुसार क्रेटा कार (जेएच 01 जीसी 8752) से देवेंद्र कुमार, निवासी बालूमाथ आरा, मैक्लुस्कीगंज मुख्य मार्ग होते हुए रांची की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से रांची की ओर से नेक्सन कार (जेएच 01 ईवाई 2163) चला रहे प्रीतम कुमार निवासी हरमू रांची, अपनी गति से मैक्लुस्कीगंज की ओर आ रहे थे। उनके पीछे हुंडई i20 (जेएच 01 ईडब्ल्यू 5837) से विष्णु यादव भी रांची से अपने मैक्लुस्कीगंज स्थित निवास की ओर लौट रहे थे। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से क्रेटा कार सीधे सामने से आ रही नेक्सन कार से जा भिड़ी और उसी के पीछे चल रही हुंडई i20 को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रेटा कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एक पहिया भी टूटकर अलग हो गया। नेक्सन और हुंडई दोनों कारों का अगला हिस्सा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना पर मैक्लुस्कीगंज थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुँची और सभी चालकों की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि हादसा गंभीर था, लेकिन सौभाग्य से किसी चालक को चोट नहीं आई है।उसके पश्चात तीनों वाहनों को सड़क से हटाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *