मिहिजाम में विकास की रोशनी: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने हाई मास्ट लाइट योजना का किया शिलान्यास, जरूरतमंदों में बांटे कंबल
मिहिजाम। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या एक अंतर्गत अमोई स्थित फुटबॉल मैदान बुधवार को विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का साक्षी बना। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने यहां हाई मास्ट लाइट अधिष्ठापन योजना का विधिवत शिलान्यास कर नगरवासियों को बड़ी सौगात दी। नारियल फोड़कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
डॉ. अंसारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में आवश्यकता के अनुसार 16 मीटर ऊंचे कुल 30 हाई मास्ट लाइट लगाए जाएंगे। इन लाइटों के लगने से रात के समय नगर की प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ होगी, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और असामाजिक गतिविधियों पर भी अंकुश लगेगा। उन्होंने कहा कि बेहतर रोशनी से बाजार, खेल मैदान और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा का माहौल बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान शीतलहर को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने मानवीय पहल करते हुए सैकड़ों जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विकास कार्य करना ही नहीं, बल्कि हर वर्ग के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना भी है।
अपने संबोधन में मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास अब विकास से जुड़े कोई ठोस मुद्दे नहीं बचे हैं और वह केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड सरकार जमीन पर दिखने वाला विकास कर रही है, जिसका लाभ आम जनता को मिल रहा है।
इस अवसर पर कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुंभकार, नगर प्रबंधक विजय कुमार, झामुमो जिला उपाध्यक्ष प्रो. कैलाश प्रसाद साव, दाऊद अंसारी, निवर्तमान नगर परिषद उपाध्यक्ष शांति देवी, पार्षद विष्णु देव मुर्मू, अरुण दास, सलिल रमन, दानिश रहमान, यासर नवाज, कृष्णा राम, बेबी पासवान, सुलोचना देवी, टिंकू खान, इमरान, राजू अंसारी, जावेद अंसारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।










