मनोहरपुर में हाथी ने ग्रामीण की कुचलकर मार डाला, गांव में दहशत

चाईबासा । पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला मनोहरपुर थाना क्षेत्र के गिडुंग गांव का है, जहां शुक्रवार रात एक जंगली हाथी ने एक ग्रामीण को कुचलकर मार डाला। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग भय के साए में जीने को मजबूर हैं।

मृतक की पहचान गिडुंग गांव निवासी लक्ष्मण देवगन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब दस बजे लक्ष्मण देवगन अपने घर के आंगन में अलाव जलाकर आग ताप रहे थे। इसी दौरान जंगल की ओर से अचानक एक जंगली हाथी गांव में घुस आया। लक्ष्मण देवगन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी ने पहले उन्हें सूंड़ से उठाकर पटक दिया और फिर पैरों से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण बाहर निकले, लेकिन हाथी के अत्यधिक आक्रामक होने के कारण कोई भी उसके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। कुछ समय बाद हाथी गांव से निकलकर वापस जंगल की ओर चला गया। इसके बाद ग्रामीणों ने मनोहरपुर थाना और वन विभाग को घटना की सूचना दी। घटना के बाद से पूरे गांव में भय और शोक का माहौल है। वहीं शनिवार की सुबह वनविभाग के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और कानूनी कार्रवाई शुरू की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *