मनिका: सर्वदलीय समिति ने नए थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास का किया भव्य स्वागत

मनिका लातेहार मनिका। थाना के नवपदस्थापित थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास से शुक्रवार को सर्वदलीय समिति के सदस्यों ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर समिति के प्रखंड अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान, सांसद प्रतिनिधि सह भाजयुमो जिला अध्यक्ष छोटू राजा, सांसद प्रतिनिधि अंकित उर्फ गोलू कुमार, भाजपा सांसद प्रतिनिधि मंटू प्रसाद, समाजसेवी विकास कुमार एवं केशव यादव सहित अन्य उपस्थित लोगों ने संयुक्त रूप से उन्हें शॉल ओढ़ाकर, मुंह मीठा कराकर तथा बुके भेंट कर आत्मीय एवं सम्मानपूर्वक स्वागत किया।
मुलाकात के दौरान थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने क्षेत्र की वर्तमान स्थिति, कानून-व्यवस्था एवं आमजन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। वहीं सर्वदलीय समिति के सदस्यों ने प्रखंड क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं, सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द तथा सुरक्षा से संबंधित विषयों की जानकारी उन्हें दी।
थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण तथा आम जनता को सुरक्षित और निर्भीक वातावरण प्रदान करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकता है।
उन्होंने सर्वदलीय समिति एवं जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मनिका थाना को जनहितैषी, पारदर्शी एवं संवेदनशील पुलिसिंग का आदर्श केंद्र बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *