मनिका: पुलिस ने 2 एकड़ में लगी अफीम की खेती नष्ट की, नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी
मनिका लातेहार मनिका। लातेहार जिले के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर मनिका पुलिस प्रशासन ने नशे के खिलाफ एक बड़ी और सराहनीय कार्रवाई की है। थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास के नेतृत्व में चलाए गए छापेमारी अभियान के दौरान पल्हेया पंचायत के पसागन गांव स्थित वन भूमि पर अवैध रूप से की जा रही लगभग 2 एकड़ अफीम की खेती को पूरी तरह नष्ट किया गया।
हालांकि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अफीम की खेती किसके द्वारा की जा रही थी, लेकिन पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि मनिका क्षेत्र में पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। इससे पूर्व भी बीते दो-तीन दिनों के भीतर डोंकी पंचायत क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया गया था। लगातार हो रही इन प्रभावी कार्रवाइयों से नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
इस संबंध में थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशीले पदार्थों के उत्पादन, खेती एवं तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मनिका पुलिस नशा-मुक्त समाज के निर्माण के लिए पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास की सक्रियता, कर्तव्यनिष्ठा और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र की आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। पुलिस की इस निरंतर सकारात्मक पहल से लोगों में खुशी और भरोसा बढ़ा है, वहीं युवा वर्ग को नशे से दूर रखने की दिशा में भी यह एक सशक्त संदेश है।
इस अभियान में थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास के साथ सब इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह, सब इंस्पेक्टर अवनीश कुमार सहित पुलिस बल के अन्य जवान मौजूद थे।










