मनिका पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 एकड़ अवैध अफीम की खेती नष्ट, नशा कारोबारियों में हड़कंप

मनिका लातेहार मनिका। थाना क्षेत्र अंतर्गत नेवरा गांव के जंगल क्षेत्र में बुधवार को मनिका पुलिस ने नशीले पदार्थों की अवैध खेती के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस टीम ने करीब 2 एकड़ वन भूमि में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती को पूरी तरह नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि नेवरा गांव के आसपास जंगली इलाके में अफीम की अवैध खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मनिका थाना प्रभारी प्रभात दास के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जंगल क्षेत्र में छापेमारी कर पूरी खेती को नष्ट कर दिया।
थाना प्रभारी प्रभात दास ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों की अवैध खेती, तस्करी या कारोबार करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मनिका पुलिस नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार सख्त अभियान चला रही है और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि बीते एक महीने के भीतर मनिका पुलिस द्वारा 10 एकड़ से अधिक क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया जा चुका है। लगातार मिल रही इन सफलताओं से स्पष्ट है कि पुलिस प्रशासन नशा माफियाओं के खिलाफ पूरी मजबूती से खड़ा है। इस अभियान से नशीले पदार्थों की खेती करने वालों में प्रशासन का भय बढ़ा है, जिससे अब ऐसे अवैध कार्य करने वालों की हिम्मत टूट रही है।
इस कार्रवाई से समाज में नशामुक्ति का मजबूत संदेश गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी सख्त कार्रवाइयों से क्षेत्र का भविष्य सुरक्षित होगा।
छापेमारी के दौरान सब इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह, सुमित कुमार सहित पुलिस बल के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *