मनरेगा का विश्वास, रोजगार से विकास : जिले की सभी पंचायतों में विशेष रोजगार दिवस का आयोजन

मनरेगा दिवस के अवसर पर सोमवार को जिले की सभी पंचायतों में थीम “मनरेगा का विश्वास, रोजगार से विकास” के तहत विशेष रोजगार दिवस का आयोजन किया गया। इसी क्रम में उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) मनीष कुमार ने हिरणपुर प्रखंड के तोड़ाई पंचायत पहुंचकर कार्यक्रम का निरीक्षण किया। जहां पंचायत की मुखिया तेरेसा टुडू एवं सखी दीदी समूह की टीम द्वारा उनका स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में ग्रामीणों की व्यापक भागीदारी देखने को मिली, जिसमें महिलाओं की सहभागिता उल्लेखनीय रही। उपायुक्त ने महिला भागीदारी की सराहना करते हुए स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण एवं शिक्षा को ग्रामीण विकास की आधारशिला बताया। उन्होंने प्रत्येक पंचायत में सखी मीटिंग हॉल निर्माण, विकास योजनाओं के सुदृढ़ क्रियान्वयन, बेकरी, सिलाई आदि प्रशिक्षण कार्यक्रमों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष बल दिया।

मनरेगा दिवस के अवसर पर सौ दिन का रोजगार पूर्ण करने वाले मजदूरों को उपायुक्त द्वारा टोकरी, अंगवस्त्र एवं कुदाल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही मजदूरों एवं जरूरतमंद लाभुकों के बीच जॉब कार्ड का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि मनरेगा योजना ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार सृजन का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। उन्होंने बताया कि जिले में विगत एक वर्ष के दौरान मनरेगा के तहत उत्कृष्ट कार्यों के परिणामस्वरूप पाकुड़ जिला राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर गौरवान्वित हुआ है।

उन्होंने स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को सशक्त बनाने को प्रशासन की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सखी भवनों में शौचालय सहित सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनका उपयोग सामाजिक कार्यक्रमों के लिए भी किया जा सकेगा। भवनों का संचालन पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से किया जाएगा।

उपायुक्त ने संपूर्णता अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता व्यवस्था, मच्छरजनित रोगों से बचाव तथा पोषाहार वितरण की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य आवासीय योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभुकों को चरणबद्ध तरीके से आवास उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।

आगामी मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने एवं परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की सामाजिक बाधा उत्पन्न न होने देने की अपील की। उन्होंने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने तथा बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वयं सहायता समूह की दीदियों एवं ग्रामीणों को मनरेगा एवं संपूर्णता अभियान के सफल क्रियान्वयन की शपथ दिलाई। उन्होंने योजनाओं को पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं जनसहभागिता के साथ लागू करने का संकल्प दिलाया।

इस अवसर पर परियोजना पदाधिकारी मोतिउर रहमान, बीपीओ टिंकल चौधरी, एसएमपीओ पवन कुमार, कनीय अभियंता परवेश भारती, पंचायत सचिव, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह की सदस्याएं, विभागीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *